लकड़ी काटने का खेल
यह खेल आज भले ही एक मशहूर स्पोर्ट बन चुका हो, लेकिन इसकी शुरुआत एक जबरदस्त दांव से हुई थी! साल था 1870, जगह थी तस्मानिया का उल्वरस्टोन – दो हट्टे-कट्टे कुल्हाड़ीबाजों ने £25 की शर्त लगाई कि कौन पहले एक पेड़ को गिरा सकता है। कुल्हाड़ी चली, पसीना बहा, और यहीं से जन्म हुआ “वुडचॉपिंग” खेल का!
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती – एक और दिलचस्प दास्तान बास्क देश से आती है, जहाँ एक प्रेमी ने अपने प्यार को पाने के लिए पहले मैराथन दौड़ लगाई और फिर एक-एक कर दस मोटी लकड़ियाँ काट डालीं! सिर्फ शादी का प्रस्ताव रखने के लिए! सोचिए, प्यार और ताकत का कैसा तगड़ा मेल था उस ज़माने में!
अब ज़रा गौर कीजिए – 1891 में पहली बार इस अनोखे खेल की विश्व चैंपियनशिप तस्मानिया के लाटरोब में बेल्स परेड पर हुई। इतनी बड़ी बात थी कि उस जगह को आज “ऑस्ट्रेलियन एक्समेन हॉल ऑफ फेम और टिम्बरवर्क्स” बना दिया गया है – यानी लकड़ी काटने वालों का ताजमहल!
चमकते कुल्हाड़ों, उड़ती लकड़ियों और फौलादी बाजुओं का यह खेल अब परंपरा से जुनून बन चुका है।
कहा खेली जाती है ये प्रतियोगिता:
वुडचॉपिंग यानी लकड़ी काटने का खेल उन इलाकों में खासा लोकप्रिय है जहाँ कभी जंगलों की कटाई और लकड़ी उद्योग अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा हुआ करता था — यानी जहाँ कुल्हाड़ी की गूंज रोजमर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा रही हो।
उत्तर अमेरिका में ये खेल खास तौर पर कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका के उत्तरी हिस्सों में देखा जाता है, जहाँ घने जंगल और सख्त मौसम ने लोगों को फौलादी बना दिया।
यूरोप में भी इसका क्रेज कम नहीं है — ऑस्ट्रिया, चेक गणराज्य, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्विट्ज़रलैंड, इंग्लैंड, और स्लोवेनिया जैसे देशों में तो यह परंपरा बन चुका है। फ्रांस के अल्पाइन इलाके और बास्क देश के अलावा स्पेन के कई हिस्सों में, जैसे अस्तूरियास, कैंटाब्रिया, कास्टाइल और मैड्रिड, में भी लोग इसे दिल से अपनाते हैं।
और बात जब ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की हो, तो वहां तो लकड़ी काटने की यह कला खेल नहीं, जुनून है! वहां की संस्कृति में कुल्हाड़ी और लकड़ी की खटाक-पटाक बचपन से ही गूंजती है।
जहाँ जंगल होते हैं, वहाँ वुडचॉपिंग बस एक काम नहीं, एक परंपरा बन जाती है – और फिर धीरे-धीरे वही परंपरा बन जाती है एक धाकड़ खेल।
खेलो के प्रकार:
Standing Block
इस इवेंट में खिलाड़ी पहले एक तरफ लकड़ी में कट लगाता है। फिर दूसरी तरफ लगभग दो इंच ऊपर दूसरा कट मारता है। दोनों तरफ से कट कर ब्लॉक को गिराया जाता है।
Underhand
इसमें खिलाड़ी लकड़ी पर खड़ा होकर नीचे की ओर कुल्हाड़ी चलाता है। पहले एक तरफ कट करता है, फिर घूमकर दूसरी ओर से। दोनों कट थोड़े हटकर होते हैं।
Tree Felling
इसमें कुल्हाड़ीबाज लकड़ी में पॉकेट बनाकर जिगर बोर्ड लगाकर ऊपर चढ़ता है। फिर ऊपरी हिस्से में कुल्हाड़ी से ब्लॉक काटता है। यह लंबा और थकाऊ इवेंट होता है।
Single Saw (Single Buck)
इसमें खिलाड़ी एक बेहद तेज़ और लंबी आरी से अकेले लॉग को काटता है। आरी की लंबाई 5.5 से 6.4 फीट तक होती है। इसे सबसे कठिन इवेंट माना जाता है।
Double Saw (Double Buck)
दो खिलाड़ी मिलकर एक आरी से लकड़ी काटते हैं। यह सिंगल सॉ से कहीं तेज़ होता है। आरी बड़ी और भारी होती है, जिससे इसे चलाना कठिन होता है।
Stock Saw
इसमें सभी खिलाड़ी एक जैसे चेनसॉ से एक लॉग में नीचे और ऊपर की दिशा में कट लगाते हैं। कुल्हाड़ीबाज को 3 इंच की सीमित जगह में दोनों कट करने होते हैं।
Hot Saw
इस इवेंट में भारी और तेज़ मेथनॉल चालित चेनसॉ का इस्तेमाल होता है। खिलाड़ी नीचे, ऊपर और फिर नीचे – तीन कट लगाता है। यह सबसे तेज़ और रोमांचक इवेंट होता है।
Springboard Chop
स्प्रिंगबोर्ड चॉप एक रोमांचक खेल है जो लकड़हारे की ताकत और पर्वतारोही की फुर्ती का मिला-जुला प्रदर्शन होता है। इसमें प्रतियोगी एक खड़े हुए पेड़ के तने में दो गहरे कट (नॉच) बनाते हैं, जिनमें वे स्प्रिंगबोर्ड नाम की मजबूत लकड़ी की पट्टियाँ लगाते हैं। इन्हीं पट्टियों के सहारे वे धीरे-धीरे चढ़ते हुए लगभग 9 फीट की ऊंचाई तक पहुंचते हैं। ऊंचाई पर एक 12 इंच मोटी ऐस्पन की लकड़ी का लठ्ठा (लॉग) फिक्स किया गया होता है, जिसे चॉपर को तेजी और सटीकता के साथ काटना होता है। यह इवेंट शरीर की ताकत, संतुलन बनाए रखने की कला, और सही टाइमिंग की असली परीक्षा है।
औजार जो इस खेल में प्रयोग होते है:
कुल्हाड़ी – असली हीरो!
वुडचॉपिंग का असली सुपरस्टार है कुल्हाड़ी! हर तरह की लकड़ी के लिए अलग-अलग तेवर वाली कुल्हाड़ियाँ होती हैं – कोई नुकीली, कोई चौड़ी, कोई हल्की, कोई भारी। ये आम औज़ार नहीं, ये तो हथियार होते हैं लकड़ी के खिलाफ!
रेसिंग सॉ
ये भी बहुत प्रकार की होती है जो कि प्रतियोगिता के लिए बनाई जाती है।
वेज और स्लेजहैमर
ये लकड़ी को चीरने में काम आता है।
लकड़ी काटने की प्रमुख प्रतियोगिताएं:
1. Lumberjack World Championships यानी लकड़ी काटने वालों का महाकुंभ! हर साल हेयवर्ड, विस्कॉन्सिन में होने वाला ये तीन दिन का धमाकेदार इवेंट 1960 से चला आ रहा है और करीब 12,000 लोग इसे देखने जुटते हैं। कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, अमेरिका जैसे कई देशों से 100 से ज़्यादा फौलादी खिलाड़ी आते हैं, जो $75,000 की इनामी राशि के लिए चॉपिंग, सॉइंग, लॉगरोलिंग और क्लाइंबिंग जैसे दिल दहला देने वाले इवेंट्स में भिड़ते हैं। यहां सिर्फ ताकत नहीं, टाइमिंग, बैलेंस और जिगर भी चाहिए – तभी बनते हैं असली लंबरजैक चैंपियन!
2. Stihl Timbersports Series लकड़ी काटने की दुनिया का एक हाई-ऑक्टेन टूर्नामेंट है, जिसकी शुरुआत 1985 में हुई थी। इसमें खिलाड़ी कुल्हाड़ी और आरी के दम पर वो हुनर दिखाते हैं जो कभी सिर्फ लंबरजैक्स की पहचान हुआ करता था। इस सीरीज़ में 6 धाकड़ इवेंट्स होते हैं, और इसमें प्रोफेशनल से लेकर कॉलेज लेवल के एथलीट्स तक हिस्सा लेते हैं। “Timbersports” नाम खुद Stihl Inc. की ट्रेडमार्क प्रॉपर्टी है – यानी लकड़ी काटने का खेल यहां ब्रांड और परंपरा दोनों बन चुका है।